अयोध्या:। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास कि स्वस्थ होने की लिए अयोध्या में संत धर्माचार्य, महंत के शिष्य व समर्थक कामना कर रहे हैं। रामादल ट्रस्ट की ओर से महंत के स्वस्थ होने के लिए किए जा रहे अनुष्ठान का दूसरा दिन है।
आपको बता दें की श्री मणिराम दास छावनी के महंत व श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के कोरोना पाॅजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा उनके दो शिष्यों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है,महंत को गुड़गांव के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत जानने अयोध्या से उनके उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास अपने शिष्यों के साथ मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे हैं।
वहीं अयोध्या में महंत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। रामादल ट्रस्ट की ओर से महंत की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ यज्ञ किया जा रहा है। यह अनुष्ठान 3 दिन तक चलेगा और इस अनुष्ठान का आज दूसरा दिन है।
मुस्लिम समाज के लोगों ने चढ़ाई चादर
वहीं आज मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने पैगंबर शीश की मजार पर चादर अर्पित कर महंत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। इस मौके पर राष्ट्रीय मुस्लिम मंच जिला संयोजिका शबाना ने कहा कि ”रक्षाबंधन के दिन उन्होंने महंत को राखी बांधी थी और अब उनके कोरोना पाॅजिटिव होने से मन दुखी है। हमने पैगंबर शीश की मजार पर चादर चढ़ाकर फातिया किया और महंत के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ मांगी।”
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के महानगर संयोजक हाजी सईद अहमद का कहना है कि ”जुमे की नमाज के बाद हजरत पैगंबर शीश को चादर चढ़ाकर महंत के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की गई। राष्ट्रीय मंच और मुस्लिम समाज के सभी लोग महंत नृत्य गोपाल दास के शीघ्र स्वस्थ होकर अयोध्या लौटने की कामना करते हैं।
हम मुस्लिम समाज के लोग ये दुआ करते हैं कि सब कुछ ठीक हो जाए और हिंदू मुस्लिम एकता और गंगा जमुनी तहजीब कायम रहे और कोरोना देश से समाप्त हो। वहीं मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांतीय प्रभारी डॉ अनिल सिंह नृत्य कहा कि आदरणीय महंत सभी समाज के लिए प्रिय हैं। मुस्लिम समाज के साथ सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होकर अयोध्या लौटने की कामना करते हैं।
रिपोर्ट:-बिस्मिल्लाह खान…